September 11, 2026

उत्तराखंड: हजारों वाहन मालिकों को मिल सकती है राहत? ट्रांसपोर्टरों ने मंत्री से की OTS की मांग

0
Pradeep-Batra

Haldwani | Transporters | OTS Scheme : देवभूमि ट्रक ओनर महासंघ के प्रतिनिधिमंडल ने 10 सितंबर को परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा से मुलाकात कर प्रदेश के ट्रांसपोर्टरों, खासकर पर्वतीय क्षेत्रों में आ रही समस्याओं को लेकर चर्चा की। इस दौरान महासंघ ने ट्रांसपोर्टरों को राहत देने के लिए कई मांगें मंत्री के सामने रखीं।

प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस की ओर से किए जा रहे चालानों पर प्रभावी रोक लगाने की मांग की। ट्रांसपोर्टरों का कहना था कि चालानों को लेकर वाहन स्वामियों को राहत दिए जाने की जरूरत है।

इसके अलावा उत्तर प्रदेश की परिवहन नीति की तर्ज पर उत्तराखंड में भी वाहन कर और अर्थदंड में छूट देने की मांग रखी गई। महासंघ ने प्रदेश में लंबे समय से लंबित चालानों के निस्तारण के लिए वन टाइम सेटलमेंट यानी OTS योजना लागू करने की मांग भी की।

महासंघ का कहना है कि OTS योजना लागू होने से बड़ी संख्या में वाहन स्वामियों को राहत मिल सकती है। प्रतिनिधिमंडल ने इस योजना को जल्द लागू करने की मांग परिवहन मंत्री के सामने रखी।

परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा ने प्रतिनिधिमंडल की सभी मांगों को गंभीरता से सुना और सकारात्मक आश्वासन दिया। उन्होंने ट्रांसपोर्टरों को हर संभव राहत देने की बात कही।

मुलाकात के दौरान ट्रांसपोर्टरों ने परिवहन मंत्री का स्मृति चिह्न देकर स्वागत भी किया। प्रतिनिधिमंडल में महासंघ के अध्यक्ष राकेश जोशी, वरिष्ठ व्यापारी नेता दलजीत सिंह चड्ढा, ट्रांसपोर्ट नेता पंडित दया किशन शर्मा, विक्रम बिष्ट, उमेश पांडे और भास्कर जोशी समेत अन्य सदस्य मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *