October 30, 2026

बदरीनाथ से जोशीमठ के बीच लापता हुआ हेलीकॉप्टर, हाथी पर्वत के पास क्रैश होने की सूचना

0
HelicopterCrash

Chamoli | Helicopter Crash | Badrinath : उत्तराखंड के चमोली जिले में शुक्रवार को एक हेलीकॉप्टर के लापता होने से हड़कंप मच गया। हेलीकॉप्टर ने बदरीनाथ धाम से उड़ान भरी थी…लेकिन कुछ देर बाद जोशीमठ के पास उसका संपर्क टूट गया। जिला प्रशासन को हाथी पर्वत क्षेत्र में हेलीकॉप्टर के दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना मिली है। इसके बाद पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके के लिए रवाना कर दी गईं।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक हेलीकॉप्टर में पायलट समेत छह लोग सवार थे। बताया जा रहा है कि हेलीकॉप्टर ने दोपहर करीब 2:15 बजे बर्फबारी के बीच बदरीनाथ धाम से उड़ान भरी थी। इसके बाद जोशीमठ के नजदीक हाथी पर्वत क्षेत्र में वह लापता हो गया।

बताया गया है कि भारतीय सेना की ओर से सबसे पहले चमोली के जिलाधिकारी को हादसे की सूचना दी गई। इसके बाद राज्य की रेस्क्यू टीम के साथ सेना को भी घटनास्थल की ओर भेजा गया। फिलहाल राहत और बचाव अभियान चलाया जा रहा है।

सीएम धामी ने दिए रेस्क्यू के निर्देश

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी हेलीकॉप्टर दुर्घटना की सूचना साझा की है। उन्होंने बताया कि जोशीमठ के नजदीक चाई गांव के पास हेलीकॉप्टर क्रैश होने की दुर्भाग्यपूर्ण सूचना मिली है। जिला प्रशासन, आपदा प्रबंधन विभाग और एसडीआरएफ की टीमें संयुक्त रूप से बचाव अभियान चला रही हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वह पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर रख रहे हैं। उन्होंने गंभीर रूप से घायल लोगों को तत्काल एयरलिफ्ट कर बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र पहुंचाने के निर्देश दिए हैं।

फिलहाल हेलीकॉप्टर में सवार लोगों की स्थिति को लेकर आधिकारिक जानकारी का इंतजार है। रेस्क्यू अभियान के बाद ही हादसे से जुड़ी पूरी तस्वीर साफ हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *