हल्द्वानी मीडिया क्रिकेट टीम की जर्सी हुई लॉन्च, नए रंग के साथ होगी नए सीजन की शुरुआत
Uttarakhand: Haldwani: Cricket: Media: रामपुर रोड स्थित Sapphire In होटल में शुक्रवार को हल्द्वानी मीडिया क्रिकेट टीम की नई जर्सी का भव्य अनावरण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नैनीताल के जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी और एबीएम सीनियर सेकेंडरी स्कूल की वाइस प्रिंसिपल मंजू बिष्ट ( टाइटल स्पॉन्सर) और विजय जोशी ( वेन्यू पार्टनर) ने शिरकत की। अतिथियों ने संयुक्त रूप से टीम की नई जर्सी का अनावरण कर खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।
नई जर्सी के अनावरण के साथ ही कार्यक्रम में उत्साह और खेल भावना का माहौल देखने को मिला। टीम के खिलाड़ियों ने अतिथियों का स्वागत किया। जिलाधिकारी और एसएसपी की मौजूदगी ने खिलाड़ियों का उत्साह दोगुना कर दिया। इस दौरान अतिथियों ने कहा कि खेल केवल शारीरिक क्षमता और प्रतिस्पर्धा का माध्यम नहीं है, बल्कि यह अनुशासन, टीम भावना, आपसी सहयोग और सकारात्मक सोच को भी मजबूत करता है। मीडिया से जुड़े लोगों की खेल गतिविधियों में भागीदारी समाज में स्वस्थ जीवनशैली और सकारात्मक ऊर्जा का संदेश देती है।
गौरतलब है कि हल्द्वानी मीडिया क्रिकेट टीम यानी हल्द्वानी मीडिया-11 अब तक कई बड़े मुकाबलों में जीत दर्ज कर अपनी पहचान बना चुकी है। टीम के खिलाड़ियों के प्रदर्शन में लगातार निखार देखने को मिल रहा है। बल्लेबाजी के साथ-साथ गेंदबाजी में भी खिलाड़ी बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं। मैदान पर खिलाड़ियों के बीच तालमेल और जीत का जज्बा टीम की मजबूती बनकर उभरा है।
नई जर्सी के लॉन्च के साथ ही टीम के सदस्यों में आगामी क्रिकेट मुकाबलों को लेकर खासा उत्साह नजर आया। खिलाड़ियों ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए टीम की जीत का सिलसिला जारी रखने का संकल्प भी जताया। कार्यक्रम में मीडिया जगत से जुड़े प्रतिनिधियों, टीम के खिलाड़ियों और अन्य गणमान्य लोगों ने प्रतिभाग किया।
