August 11, 2026

उत्तराखंड : निर्दलीय चुनाव जीते नारायण लाल, बोले- धामी जी के सेवक थे…और आगे भी रहेंगे

Lohaghat | Pati Nagar Panchayat | Uttarakhand | Narayan Lal : नगर पंचायत पाटी चुनाव में निर्दलीय प्रत्याशी नारायण लाल ने शानदार जीत दर्ज की है। जीत के बाद उन्होंने अपनी सफलता को जनता के विश्वास और समर्थन की जीत बताते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रति अपनी निष्ठा भी दोहराई।

समर्थकों के बीच पहुंचे नारायण लाल ने कहा कि उनका राजनीतिक और वैचारिक जुड़ाव भारतीय जनता पार्टी से रहा है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा, “मैं धामी जी का सेवक था, हूं और आगे भी रहूंगा।” इस दौरान समर्थकों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के समर्थन में जमकर नारेबाजी भी की।

नारायण लाल ने कहा कि किसी कारणवश उन्हें भाजपा का टिकट नहीं मिल पाया था…जिसके बाद उन्होंने निर्दलीय चुनाव लड़ने का निर्णय लिया। उन्होंने कहा कि जनता ने उन पर भरोसा जताकर बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है…जिसके लिए वह सभी मतदाताओं के आभारी हैं।

उन्होंने अपनी जीत का श्रेय नगर पंचायत पाटी की जनता को देते हुए कहा कि अब उनकी पहली प्राथमिकता क्षेत्र का विकास, मूलभूत सुविधाओं का विस्तार और जनसमस्याओं का समाधान होगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने के लिए पूरी मेहनत और ईमानदारी से काम करेंगे।

नारायण लाल ने कहा कि चुनाव समाप्त हो चुका है और अब सभी को विकास के लिए एकजुट होकर काम करना चाहिए…ताकि नगर पंचायत पाटी को नई पहचान मिल सके।