October 29, 2026

अभिनेत्री सारा अली खान के खिलाफ फतवा जारी, केदारनाथ दर्शन पर मौलाना ने जताई नाराजगी

0
SaraAliKhan

Sara Ali Khan | Kedarnath Dham | Fatwa Controversy : अभिनेत्री सारा अली खान के केदारनाथ धाम में दर्शन और पूजा-अर्चना करने को लेकर एक बार फिर चर्चा शुरू हो गई है। ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना मुफ्ती शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी ने उनके मंदिर जाने पर आपत्ति जताई है। मौलाना ने इसे इस्लामी मान्यताओं के विरुद्ध बताते हुए सारा अली खान को तौबा करने की नसीहत दी है।

मौलाना शहाबुद्दीन ने गुरुवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर इस मामले पर अपनी राय रखी। उन्होंने कहा कि इस्लाम और शरीयत में दूसरे धर्मों की पूजा-पद्धतियों में शामिल होने की अनुमति नहीं है। उनके मुताबिक मंदिर में जाकर पूजा-अर्चना करना शरीयत की नजर में जायज नहीं है।

उन्होंने कहा कि कुछ मुस्लिम युवाओं ने सारा अली खान के दूसरे धर्म के धार्मिक स्थल पर जाने को लेकर सवाल उठाए थे। इन सवालों के जवाब में उन्होंने इस्लामी मान्यताओं के आधार पर अपनी बात रखी और ऐसे काम करने वाले मुसलमानों को तौबा करने की सलाह दी।

सारा अली खान कुछ समय पहले उत्तराखंड स्थित केदारनाथ धाम पहुंची थीं। उनके दर्शन करने और माथे पर तिलक लगाए तस्वीरें सोशल मीडिया पर सामने आई थीं। इसके बाद सोशल मीडिया पर उनके धार्मिक स्थल पर जाने को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं।

कुछ लोगों ने उनकी यात्रा को निजी आस्था और धार्मिक स्थलों के प्रति सम्मान से जोड़कर देखा…जबकि कुछ यूजर्स ने इस पर आपत्ति जताई। अब मौलाना शहाबुद्दीन की टिप्पणी के बाद यह मामला फिर चर्चा में आ गया है।

सारा अली खान इससे पहले भी देश के कई प्रसिद्ध धार्मिक स्थलों पर दर्शन के लिए जा चुकी हैं। इनमें उज्जैन का महाकालेश्वर मंदिर और वाराणसी का काशी विश्वनाथ मंदिर भी शामिल हैं। उनकी इन यात्राओं की तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी थीं।

सारा अली खान के धार्मिक स्थलों पर जाने को लेकर लोगों की राय अलग-अलग रही है। जहां कुछ लोग इसे उनका निजी फैसला मानते हैं वहीं कुछ लोग धार्मिक मान्यताओं के आधार पर सवाल उठाते हैं। फिलहाल मौलाना शहाबुद्दीन की टिप्पणी के बाद केदारनाथ दर्शन का मामला फिर सुर्खियों में है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *