October 30, 2026

चमोली हेलीकॉप्टर हादसे पर सीएम धामी ने जताया दुख, जांच के दिए आदेश; 6 लोगों की मौत

0
20261030_191611

Chamoli Helicopter Crash | Uttarakhand | Joshimath : उत्तराखंड के चमोली जिले में शुक्रवार को एक हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसा जोशीमठ क्षेत्र के चाई गांव के पास हाथी पर्वत इलाके में हुआ। हेलीकॉप्टर में सवार पायलट समेत सभी छह लोगों की मौत हो गई। चमोली के पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने इसकी पुष्टि की है।

जानकारी के मुताबिक ट्रांस भारत एविएशन का हेलीकॉप्टर शुक्रवार दोपहर करीब 1:14 बजे बदरीनाथ धाम से देहरादून के सहस्त्रधारा हेलीपैड के लिए रवाना हुआ था। उड़ान के कुछ देर बाद जोशीमठ घाटी के ऊपर हेलीकॉप्टर का संपर्क टूट गया। इसके बाद हाथी पर्वत क्षेत्र में इसके दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना मिली।

हेलीकॉप्टर हादसे की जानकारी सबसे पहले भारतीय सेना की ओर से जिला प्रशासन को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ, सेना और आईटीबीपी की टीमें घटनास्थल के लिए रवाना की गईं। जिला प्रशासन ने भी राहत और बचाव कार्य शुरू कराया।

यूकाडा के सीईओ प्रतीक जैन ने कहा कि बदरीनाथ से देहरादून लौट रहे हेलीकॉप्टर के जोशीमठ क्षेत्र में मारवाड़ी पुल के ऊपर जेपी पावर हाउस की ओर पहाड़ी में दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना मिली थी। हेलीकॉप्टर में एक पायलट और पांच यात्री सवार थे।

हेलीकॉप्टर में सवार सभी छह लोगों की हुई मौत

हादसे में जान गंवाने वालों में पायलट कैप्टन हिमांशु सभरवाल (48), निवासी दिल्ली शामिल हैं। उनके अलावा कर्नाटक के पांच यात्री भी हेलीकॉप्टर में सवार थे। मृतकों की पहचान प्रताप (41), अरुण सालुंके (44), वीबी शंकर गौड़ा (39), सुधीर के. (50) और एचएस नटराजा (51) के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक अरुण सालुंके कर्नाटक में सीसीबी इंस्पेक्टर थे और अपने दोस्तों के साथ बदरीनाथ धाम आए थे।

मुख्यमंत्री धामी ने जताया दुख, जांच के निर्देश

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हादसे में हुई जनहानि पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने दिवंगतों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए अधिकारियों को दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच करने के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने और राहत से जुड़ी व्यवस्थाएं तेजी से पूरी करने को कहा है। उन्होंने पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए रखने की बात भी कही।

ट्रांस भारत एविएशन के हेलीकॉप्टरों की उड़ान पर रोक

हादसे के बाद एहतियात के तौर पर ट्रांस भारत एविएशन प्राइवेट लिमिटेड के सभी हेलीकॉप्टरों की उड़ान पर रोक लगा दी गई है। शुरुआती तकनीकी जानकारी में हेलीकॉप्टर के स्वामित्व, चार्टर संचालन, पायलट और रखरखाव से जुड़ी अलग-अलग कंपनियों के नाम सामने आए हैं। दुर्घटना के वास्तविक कारणों और परिचालन से जुड़े पहलुओं की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *