October 30, 2026

उत्तराखंड: दलेर मेहंदी विवाद में CM धामी की एंट्री, मीका सिंह से की बात, जानिए क्या कहा ?

0
12_07_2025-cm-dhami_23982403_m-2

Dehradun | Pushkar Singh Dhami | Daler Mehndi: टिहरी के कुंजापुरी मेले में गायक दलेर मेहंदी और कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल के बीच हुए विवाद ने अब तूल पकड़ लिया है। इस मामले में संगीत और फिल्म जगत की हस्तियां दलेर मेहंदी के समर्थन में सामने आई हैं। वहीं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी विवाद को सुलझाने की पहल की है। उन्होंने 22 अक्टूबर को गायक मीका सिंह से फोन पर बातचीत की।

सीएम धामी ने बातचीत के दौरान कहा कि किसी भी तरह की गलतफहमी या मतभेद को आपसी संवाद और सौहार्द के साथ दूर किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड हमेशा ‘अतिथि देवो भवः’ की भावना के साथ आगे बढ़ा है। प्रदेश में देश और दुनिया से आने वाले सभी कलाकारों का स्वागत और सम्मान है। राज्य सरकार कला, संस्कृति और कलाकारों के सम्मान के लिए प्रतिबद्ध है।

दलेर मेहंदी के समर्थन में आए मीका सिंह को लेकर कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि मीका सिंह, दलेर मेहंदी के भाई हैं और बॉलीवुड में दोनों की वर्षों पुरानी पहचान है। ऐसे में उनके मित्रों का दलेर मेहंदी के समर्थन में आना स्वाभाविक है। मंत्री ने कहा कि जो लोग दोस्ती का फर्ज निभा रहे हैं, वे अच्छा कर रहे हैं।

क्या है पूरा विवाद?

यह मामला 18 अक्टूबर को टिहरी जिले के नरेंद्रनगर में आयोजित सिद्धपीठ मां कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले का है। कार्यक्रम में दलेर मेहंदी की प्रस्तुति के दौरान बैकग्राउंड में रिकॉर्डेड आवाज सुनाई देने का आरोप लगा था। मंच पर मौजूद मंत्री सुबोध उनियाल ने इस पर सवाल उठाते हुए कहा था कि लोग गायक को लाइव सुनने आए हैं रिकॉर्डेड आवाज सुनने नहीं।

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मंत्री के मंच पर सवाल उठाने के तरीके को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई। इसके बाद कई कलाकार दलेर मेहंदी के समर्थन में सामने आए।

फिल्म जगत की संस्था ने भी जताई आपत्ति

विवाद में फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉयीज (FWICE) भी शामिल हो गई है। संस्था ने दलेर मेहंदी का समर्थन करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र लिखा है। पत्र में मंत्री सुबोध उनियाल की शिकायत किए जाने की बात सामने आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *