September 11, 2026

UKSSSC भर्ती घोटाला: पूर्व OSD के घर से 32 लाख कैश और रोलेक्स घड़ियां बरामद

0
WhatsApp-Image-2026-09-11-at-9.40.46-PM-2

UKSSSC: Harish Rawat:VPDO : ED: Raid: Chandan Singh Jeena: उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के कार्यकाल में OSD रहे चंदन सिंह जीना की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने UKSSSC की ग्राम पंचायत विकास अधिकारी (VPDO) परीक्षा-2016 में कथित गड़बड़ी से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में 10 सितंबर 2026 को देहरादून समेत कई ठिकानों पर छापेमारी की। यह कार्रवाई धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) के तहत की गई।

ED के मुताबिक, तलाशी के दौरान चंदन सिंह जीना के घर से 32 लाख रुपये की बेहिसाबी नकदी और करीब 200.5 ग्राम सोना बरामद हुआ। इसमें 13 गोल्ड कॉइन और सात सोने की चेन शामिल हैं। इसके अलावा 12 महंगी घड़ियां भी मिली हैं, जिनमें Rolex, Rado, Omega, Piaget, Movado, Tissot और Casio जैसी कंपनियों की घड़ियां शामिल हैं। इनकी कीमत का आकलन किया जा रहा है।

जांच एजेंसी ने जीना और उनके परिवार के कुछ बैंक खातों को भी फ्रीज किया है। इन खातों में मौजूद करीब 56.21 लाख रुपये की रकम जांच के दायरे में है। उनका मोबाइल फोन भी जब्त कर फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। ED का कहना है कि तलाशी के दौरान बड़ी मात्रा में नकद खर्च किए जाने के संकेत मिले हैं, जिनका ज्ञात आय से संतोषजनक मिलान नहीं हो पाया।

ED की जांच के अनुसार, VPDO परीक्षा की OMR शीट को कथित तौर पर सुरक्षित स्थान से निकालकर तत्कालीन सचिव के निजी आवास तक पहुंचाया गया था। आरोप है कि कम जवाब भरने वाले अभ्यर्थियों की OMR शीट अलग की गईं और निजी कंप्यूटर एजेंसी के कर्मचारियों तक उनकी जानकारी पहुंचाई गई। इसके बाद कथित तौर पर सही उत्तरों के गोले भरकर शीट को दोबारा सील किया गया। एजेंसी को संदेह है कि इस प्रक्रिया में बिचौलियों के माध्यम से अवैध रकम का लेन-देन हुआ।

ED ने बताया कि चंदन सिंह जीना से जुड़ी करीब 1.28 करोड़ रुपये की संपत्ति फिलहाल कार्रवाई के दायरे में है। घड़ियों के मूल्यांकन के बाद यह राशि बढ़ सकती है। मामले में UKSSSC के तत्कालीन अधिकारियों, निजी एजेंसी और कथित बिचौलियों से जुड़े अन्य ठिकानों पर भी तलाशी ली गई है। ED की जांच अभी जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *