September 12, 2026

पूर्व OSD के घर पर ED का छापा, हरीश रावत बोले-  दोनों पदों से हटना चाहता हूं

0
Harish-Rawat-Efforts-underway-to-attract-more-tourists-to-Uttarakhand-8

Uttarakhand News: Harish Rawat: Congress: पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के कार्यकाल में OSD रहे चंदन सिंह जीना के ठिकानों पर कथित तौर पर भारी मात्रा में नकदी और ज्वैलरी बरामद होने की खबर के बाद पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने बड़ा बयान दिया है। रावत ने कहा कि बरामदगी से जुड़ा वास्तविक तथ्य आने वाले समय में सामने आएगा, लेकिन यदि ग्राम सेवक भर्ती में OMR शीट से छेड़छाड़ और किसी तरह की अनियमितता के आरोप प्रमाणित होते हैं, तो वह ऐसे कृत्य के लिए लज्जित होंगे।

हरीश रावत ने कहा कि चंदन सिंह जीना उनके OSD रहे हैं और पार्टी तथा सरकार में उनके कार्यकाल के दौरान उन्होंने महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभालीं। रावत ने जीना को “निहायती सज्जन, विनम्र और काम करने वाला व्यक्ति” बताते हुए कहा कि उन्हें फिलहाल लगाए गए आरोपों पर विश्वास नहीं है। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि जांच में आरोप सही साबित होते हैं तो उनके कथित दुस्साहसिक कृत्य को किसी भी तरह उचित नहीं ठहराया जा सकता।

‘चुनाव से पहले नरेटिव बनाने का प्रयास’

रावत ने उत्तराखंड की आगामी चुनावी राजनीति का जिक्र करते हुए कहा कि राज्य में चुनाव को लेकर “भारी स्टेक्स” हैं। उन्होंने कहा कि पहले मजाक में कहा करते थे कि जब सीबीआई उनके दरवाजे पर दस्तक देगी, तभी चुनाव की आहट समझी जाएगी। लेकिन इस बार उनके घर के बजाय उनके एक सहयोगी के घर पर दस्तक देकर एक नरेटिव बनाने का प्रयास किया गया है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी और कार्यकर्ता भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई लड़ रहे हैं। ऐसे समय में यदि उनके किसी सहयोगी से जुड़ा मामला पार्टी के संघर्ष को कमजोर करता है तो वह ऐसा नहीं चाहते।

कांग्रेस के दोनों पदों से हटने का फैसला

हरीश रावत ने कहा कि उन्होंने अपने ईष्ट देवता का स्मरण करने के बाद बड़ा निर्णय लिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वह फिलहाल किसी सरकारी पद पर नहीं हैं, इसलिए वहां से इस्तीफा देने का सवाल नहीं है। हालांकि, वह उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी की कार्यकारिणी के सदस्य और कांग्रेस कार्यसमिति (CWC) के स्थायी आमंत्रित सदस्य हैं।

रावत ने कहा कि वह इन दोनों पदों से “बहुत विनम्रता पूर्वक” हटना चाहेंगे, ताकि उनकी वजह से कांग्रेस के भ्रष्टाचार विरोधी संघर्ष में किसी तरह की कमजोरी न आए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *