उत्तराखंड: 2027 चुनाव से पहले कांग्रेस में घमासान! अपने ही नेताओं से नाराज हुईं महिला नेत्री, फाड़ दिया पोस्टर
Uttarakhand Congress | Congress Infighting | Sankalp Yatra : उत्तराखंड कांग्रेस में अंदरूनी खींचतान का एक मामला फिर सामने आया है। देहरादून के कौलागढ़ क्षेत्र में निकली संकल्प यात्रा को लेकर कांग्रेस की एक महिला नेता ने पार्टी के महानगर अध्यक्ष के खिलाफ नाराजगी जताई। विरोध के दौरान उन्होंने कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय पहुंचकर महानगर अध्यक्ष जसविंदर सिंह गोगी का पोस्टर फाड़ दिया।
बताया जा रहा है कि कांग्रेस की संकल्प यात्रा कौलागढ़ क्षेत्र से होकर गुजरी थी। इस यात्रा में कांग्रेस की चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हरक सिंह रावत भी शामिल हुए। हालांकि स्थानीय कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि उन्हें यात्रा की जानकारी नहीं दी गई।
कांग्रेस ओबीसी विभाग की राष्ट्रीय कोऑर्डिनेटर पिया थापा ने इस मामले पर नाराजगी जताई। उनका कहना है कि कार्यक्रम उनके क्षेत्र में आयोजित हुआ….लेकिन महानगर अध्यक्ष की ओर से उन्हें न तो यात्रा की जानकारी दी गई और न ही कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया।
इसी नाराजगी के चलते पिया थापा कांग्रेस भवन पहुंचीं और वहां महानगर अध्यक्ष जसविंदर सिंह गोगी का पोस्टर फाड़कर अपना विरोध दर्ज कराया। इस घटना के बाद कांग्रेस के भीतर चल रही गुटबाजी और आपसी मतभेद एक बार फिर चर्चा में आ गए हैं।
वहीं कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता शीशपाल बिष्ट ने मामले को लेकर पार्टी का पक्ष रखा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार है और प्रदेश नेतृत्व एकजुट होकर काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि पार्टी का केंद्रीय नेतृत्व भी उत्तराखंड को गंभीरता से ले रहा है।
शीशपाल बिष्ट ने कहा कि बड़े राजनीतिक संगठन में कार्यकर्ताओं के बीच कभी-कभी छोटे-मोटे मतभेद हो सकते हैं। अगर किसी कार्यकर्ता ने किसी दूसरे कार्यकर्ता का पोस्टर फाड़ा है….तो पार्टी इस मामले का संज्ञान लेगी। जहां भी कोई समस्या होगी, उसे बातचीत के जरिए दूर करने का प्रयास किया जाएगा।
फिलहाल कौलागढ़ की संकल्प यात्रा को लेकर सामने आया यह विवाद उत्तराखंड कांग्रेस के लिए असहज स्थिति पैदा कर रहा है। खासकर ऐसे समय में जब पार्टी 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी है….संगठन के भीतर एकजुटता बनाए रखना कांग्रेस के लिए अहम चुनौती मानी जा रही है।