August 11, 2026

हल्द्वानी बस स्टेशन पर यात्रियों का सैलाब, खिड़कियों से बसों में घुसे लोग

Haldwani News | Nainital Tourism | Uttarakhand News | Roadways Bus | Nainital Travel : बकरीद की छुट्टी के चलते गुरुवार को हल्द्वानी रोडवेज स्टेशन पर नैनीताल जाने वाले यात्रियों की भारी भीड़ देखने को मिली। हालात ऐसे रहे कि बस स्टेशन पहुंचते ही लोग सीट पाने के लिए खिड़कियों से अंदर घुसते नजर आए।

आम दिनों में जहां नैनीताल रूट पर करीब आठ बसें चलाई जाती हैं…वहीं गुरुवार को यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए नौ से दस बसें संचालित की गईं। सभी बसों ने नैनीताल रूट पर दो से तीन फेरे लगाए।

बताया जा रहा है कि रुद्रपुर, काशीपुर, बाजपुर समेत उत्तर प्रदेश से बड़ी संख्या में पर्यटक नैनीताल घूमने पहुंचे। छुट्टी होने के कारण लोगों ने पहाड़ों का रुख किया…जिससे बस स्टेशन और नैनीताल रूट पर काफी भीड़ रही।

इधर पुलिस ने काठगोदाम से ऊपर बेवजह घूमने वाले दोपहिया वाहनों और टैक्सी बाइकों पर रोक लगाई थी। केवल स्थानीय लोगों को ही पर्वतीय रूटों पर जाने की अनुमति दी गई। हालांकि पुलिस की ओर से ज्यादा सख्ती नहीं दिखाई गई।

अधिकारियों का कहना है कि शुक्रवार से पहाड़ी इलाकों में पर्यटकों की संख्या और बढ़ सकती है।

हल्द्वानी बस स्टेशन के एआरएम संजय पांडेय ने कहा कि दिल्ली रूट पर यात्रियों की संख्या कम रही, जबकि नैनीताल रूट पर काफी भीड़ देखने को मिली।

वहीं काठगोदाम डिपो के एआरएम गणेश पंत ने कहा कि नैनीताल रूट पर अतिरिक्त बसें भेजी गईं और सभी बसों ने लगातार फेरे लगाए ताकि यात्रियों को परेशानी न हो।