August 11, 2026

उत्तराखंड: न्यायमूर्ति मनोज कुमार गुप्ता होंगे उत्तराखंड हाईकोर्ट के नए मुख्य न्यायाधीश

Uttarakhand High Court :  New Chief Justice : Supreme Court Collegium : Justice Manoj Kumar Gupta : Nainital High Court : सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने देश के पांच उच्च न्यायालयों में नए मुख्य न्यायाधीशों की नियुक्ति को लेकर महत्वपूर्ण सिफारिशें जारी की हैं। इन सिफारिशों में उत्तराखंड हाई कोर्ट का नाम भी शामिल है। कॉलेजियम ने इलाहाबाद हाई कोर्ट के वरिष्ठ न्यायाधीश न्यायमूर्ति मनोज कुमार गुप्ता को नैनीताल स्थित उत्तराखंड हाई कोर्ट का नया मुख्य न्यायाधीश नियुक्त करने की सिफारिश की है।

यह निर्णय 18 दिसंबर 2025 को आयोजित सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम की बैठक में लिया गया। वर्तमान में उत्तराखंड हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति जी. नरेंद्र आगामी 9 जनवरी 2026 को सेवानिवृत्त हो रहे हैं। उनके सेवानिवृत्त होने के बाद न्यायमूर्ति मनोज कुमार गुप्ता उत्तराखंड हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश का कार्यभार संभालेंगे।

कॉलेजियम द्वारा उत्तराखंड के साथ-साथ मेघालय, झारखंड, सिक्किम और पटना हाई कोर्ट के लिए भी नए मुख्य न्यायाधीशों के नामों की सिफारिश की गई है। अब इन सभी सिफारिशों को अंतिम स्वीकृति के लिए केंद्र सरकार के पास भेजा जाएगा। केंद्र की मंजूरी के बाद राष्ट्रपति द्वारा आधिकारिक नियुक्ति आदेश जारी किए जाएंगे।

न्यायमूर्ति मनोज कुमार गुप्ता का न्यायिक करियर लंबा और अनुभवपूर्ण रहा है। उन्होंने वर्ष 1987 में लखनऊ विश्वविद्यालय से विधि स्नातक की पढ़ाई पूरी की। इसके बाद 6 दिसंबर 1987 को उन्होंने अधिवक्ता के रूप में नामांकन कराया। कानून के क्षेत्र में वर्षों तक सक्रिय अभ्यास के बाद 12 अप्रैल 2013 को उन्हें अतिरिक्त न्यायाधीश के रूप में पदोन्नत किया गया। बाद में 10 अप्रैल 2015 को उन्हें इलाहाबाद हाई कोर्ट का स्थायी न्यायाधीश नियुक्त किया गया।

न्यायमूर्ति गुप्ता को प्रशासनिक और न्यायिक मामलों में गहरी समझ रखने वाले न्यायाधीश के रूप में जाना जाता है। उत्तराखंड हाई कोर्ट के नए मुख्य न्यायाधीश के रूप में उनकी नियुक्ति से राज्य की न्यायिक व्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।