November 2, 2026

हल्द्वानी मीडिया 11 पर भारी पड़ी प्राधिकरण टीम, 60 रन से दर्ज की शानदार जीत

0
HaldwaniCricket-2

Haldwani | Cricket Match | Media 11 : गौलापार स्थित अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में रविवार को हल्द्वानी मीडिया 11 और प्राधिकरण 11 के बीच टी-20 क्रिकेट मुकाबला खेला गया। रोमांचक मुकाबले में प्राधिकरण 11 ने शानदार खेल दिखाते हुए हल्द्वानी मीडिया 11 को 60 रन से हरा दिया।

टॉस के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी प्राधिकरण 11 की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 163 रन बनाए। टीम की ओर से रोहित ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 35 गेंदों में 39 रन बनाए। शाह आलम ने 19 गेंदों में 26 रन और कप्तान मनीष सिंह ने 22 गेंदों में 20 रन का योगदान दिया।

164 रन के लक्ष्य का पीछा करने मैदान में उतरी हल्द्वानी मीडिया 11 की शुरुआत अच्छी नहीं रही। प्राधिकरण 11 के गेंदबाजों ने लगातार विकेट लेकर बल्लेबाजी टीम पर दबाव बनाए रखा। मीडिया 11 की पूरी टीम 18.5 ओवर में 103 रन बनाकर ऑलआउट हो गई।

हल्द्वानी मीडिया 11 की ओर से हर्ष रावत ने 40 गेंदों में 31 रन बनाकर मुकाबले में संघर्ष किया। राकेश रावत ने 13 और अंकित साह ने 10 रन बनाए। बाकी बल्लेबाज बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे।

गेंदबाजी में प्राधिकरण 11 के प्रदीप ने तीन ओवर में 12 रन देकर दो विकेट हासिल किए। हरेंद्र मेहता और समीर अहमद ने भी शानदार प्रदर्शन किया। दोनों गेंदबाजों ने दो-दो विकेट चटकाए। हरेंद्र ने 13 और समीर ने 18 रन खर्च किए।

वहीं हल्द्वानी मीडिया 11 की ओर से हर्ष रावत सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 20 रन देकर तीन विकेट लिए। संतोष जोशी ने 32 रन देकर दो विकेट हासिल किए।

इस तरह बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में बेहतर प्रदर्शन करते हुए प्राधिकरण 11 ने मुकाबला 60 रन से जीत लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *