हल्द्वानी: स्व. गिरिजा शंकर जोशी को श्रद्धांजलि, नए मीडिया सेंटर के नामकरण पर सीएम धामी ने दिया आश्वासन
Haldwani Media Centre | Girija Shankar Joshi | Pushkar Dhami : जिला सूचना अधिकारी स्वर्गीय गिरिजा शंकर जोशी के निधन पर हल्द्वानी मीडिया सेंटर में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी दूरभाष के माध्यम से सभा से जुड़े और स्वर्गीय जोशी को श्रद्धांजलि देते हुए उनके परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि गिरिजा शंकर जोशी के निधन की इस तरह श्रद्धांजलि देनी पड़ेगी…ऐसा उन्होंने कभी नहीं सोचा था। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय जोशी लगातार सक्रिय रहकर काम करने वाले व्यक्ति थे। उनका इस तरह असमय चले जाना बेहद दुखद है और व्यक्तिगत रूप से भी वह इस घटना से आहत हैं।
सीएम धामी ने कहा कि गिरिजा शंकर जोशी का निधन सभी के लिए बड़ी क्षति है। उन्होंने अपने काम और व्यवहार से जो पहचान बनाई…वह लंबे समय तक लोगों की स्मृतियों में बनी रहेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार इस दुख की घड़ी में शोक संतप्त परिवार के साथ खड़ी है और आगे भी परिवार को हरसंभव सहयोग दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि स्वर्गीय गिरिजा शंकर जोशी के नाम और उनके कार्यों को आने वाले समय में भी याद रखा जाए, इसके लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
मीडिया सेंटर का नाम जोशी के नाम पर रखने का प्रस्ताव
श्रद्धांजलि सभा के दौरान मौजूद पत्रकारों ने मुख्यमंत्री के सामने एक प्रस्ताव रखा। पत्रकारों ने मांग की कि हल्द्वानी में बन रहे नए मीडिया सेंटर का नाम स्वर्गीय गिरिजा शंकर जोशी के नाम पर रखा जाए।
पत्रकारों के इस प्रस्ताव पर मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि इस संबंध में सभी संबंधित लोगों से विचार-विमर्श किया जाएगा। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय जोशी की यादों और उनके अच्छे कार्यों को आने वाले समय में भी स्मरणीय बनाए रखने के लिए सभी की सहमति से आवश्यक कार्य किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। साथ ही उन्होंने शोक संतप्त परिवार को इस कठिन समय को सहन करने की शक्ति देने की कामना की।
श्रद्धांजलि सभा में जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ टीसी, दर्जा राज्य मंत्री ध्रुव रौतेला, मीडिया कोऑर्डिनेटर कमलेश भट्ट, अपर जिलाधिकारी विवेक राय, उपजिलाधिकारी रेखा कोहली, कोषाधिकारी द्वारिका प्रसाद वर्मा, सूचना अधिकारी मीडिया सेंटर अहमद नदीम समेत पत्रकार, सूचना विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।