August 11, 2026

अब और देरी बर्दाश्त नहीं’…नैनीताल की सड़क मरम्मत पर कुमाऊं आयुक्त का सख्त रुख

IAS DEEPAK RAWAT

Nainital | Road Repair | Kumaon Commissioner : नैनीताल की लोअर मालरोड की मरम्मत में लगातार हो रही देरी पर कुमाऊं आयुक्त एवं मुख्यमंत्री के सचिव दीपक रावत ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के मुख्य अभियंता को पत्र जारी कर कार्य में हो रही लापरवाही पर नाराजगी जताई और जल्द काम पूरा करने के निर्देश दिए हैं।

आयुक्त ने कहा कि लोअर मालरोड पिछले वर्ष 15 सितंबर 2025 से क्षतिग्रस्त है। इस दौरान वह स्वयं दो बार मौके का निरीक्षण कर चुके हैं…जबकि अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने भी स्थिति का जायजा लिया है। इसके बावजूद मरम्मत कार्य की गति बेहद धीमी बनी हुई है।

उन्होंने कहा कि लोक निर्माण विभाग हर बार नई समय-सीमा तय कर रहा है। विभाग ने पर्यटन सीजन से पहले सड़क तैयार करने का आश्वासन दिया था…लेकिन अब काम पूरा करने के लिए फिर 45 दिन का अतिरिक्त समय मांगा गया है।

दीपक रावत ने निर्देश दिए हैं कि अब कार्यस्थल पर तत्काल सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं और उनका लाइव लिंक आयुक्त कार्यालय तथा जिलाधिकारी नैनीताल को उपलब्ध कराया जाए। इससे मरम्मत कार्य की रियल-टाइम निगरानी की जा सकेगी और प्रगति पर लगातार नजर रखी जाएगी।

आयुक्त ने यह भी कहा कि औचक निरीक्षण के दौरान कई बार कार्यस्थल पर काम नहीं होता मिला। उन्होंने लोक निर्माण विभाग से पूछा है कि महज 40 मीटर सड़क की मरम्मत में लगभग एक वर्ष का समय क्यों लग गया। इस संबंध में विभाग से स्पष्टीकरण मांगा गया है।

उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि अनावश्यक देरी जारी रही तो संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। आयुक्त ने कहा कि नैनीताल की यह प्रमुख सड़क लंबे समय से खराब होने के कारण स्थानीय लोगों और पर्यटकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसलिए अब कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या देरी स्वीकार नहीं की जाएगी।