October 29, 2026

अग्निवीर भर्ती का बड़ा अपडेट! अग्निवीर फिजिकल टेस्ट की तारीख नजदीक, तैयारी तेज करें

AgniveerRecruitment

AgniveerRecruitment | IndianArmy | Ranikhet : भारतीय सेना में अग्निवीर बनने का सपना देख रहे युवाओं के लिए अब अगला महत्वपूर्ण चरण शारीरिक दक्षता परीक्षा (फिजिकल टेस्ट) है। ऑनलाइन कॉमन एंट्रेंस एग्जाम (CEE) की प्रक्रिया पूरी होने के बाद सफल अभ्यर्थियों को जुलाई के दूसरे सप्ताह में आयोजित होने वाले फिजिकल टेस्ट में शामिल होना होगा।

सेना भर्ती कार्यालय की ओर से मिली जानकारी के अनुसार अल्मोड़ा, बागेश्वर, नैनीताल और ऊधम सिंह नगर जिलों के अभ्यर्थियों के साथ-साथ उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के विभिन्न केंद्रीय एवं जोनल श्रेणी के उम्मीदवारों की शारीरिक दक्षता परीक्षा रानीखेत स्थित सोमनाथ मैदान में आयोजित की जाएगी। इसके लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

भर्ती कार्यालय ने अभ्यर्थियों को अभी से नियमित अभ्यास शुरू करने की सलाह दी है। युवाओं को दौड़, पुल-अप्स, बैलेंस और अन्य निर्धारित शारीरिक मानकों पर विशेष ध्यान देने को कहा गया है…ताकि परीक्षा के दौरान बेहतर प्रदर्शन किया जा सके।

सेना भर्ती अधिकारियों का कहना है कि लिखित परीक्षा में सफलता के बाद फिजिकल टेस्ट चयन प्रक्रिया का सबसे महत्वपूर्ण चरण होता है। ऐसे में उम्मीदवारों को अपनी तैयारी में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतनी चाहिए।

सेना भर्ती कार्यालय के निदेशक कर्नल महेश कुमार ने कहा कि भारतीय सेना में भर्ती के लिए लिखित परीक्षा और शारीरिक दक्षता परीक्षा दोनों में सफल होना जरूरी है। उन्होंने युवाओं से समय का सही उपयोग करते हुए अपनी फिटनेस और शारीरिक क्षमता को और मजबूत बनाने का आह्वान किया।

वहीं सीईई परीक्षा दे चुके हजारों अभ्यर्थियों की नजर अब परिणाम और आगामी फिजिकल टेस्ट पर टिकी हुई है। युवाओं का मानना है कि यह परीक्षा उनके सेना में भर्ती होने के सपने को पूरा करने की दिशा में निर्णायक कदम साबित होगी। इसी को देखते हुए कई अभ्यर्थी मैदानों और खेल परिसरों में नियमित अभ्यास कर रहे हैं।