October 30, 2026

नक्शे से हटकर कराया जा रहा था निर्माण, एमडीडीए ने मौके पर पहुंचकर कर दिया सील

0
MDDA-Action

MDDA Action | Dehradun News | Illegal Construction : राजधानी देहरादून में अवैध निर्माण के खिलाफ मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) की कार्रवाई जारी है। इसी कड़ी में प्राधिकरण की टीम ने जाखन स्थित इंजीनियर इन्क्लेव में एक निर्माण को सील कर दिया। जांच में निर्माण स्वीकृत नक्शे के मुताबिक नहीं पाया गया था।

एमडीडीए के मुताबिक इंजीनियर इन्क्लेव, जाखन, राजपुर रोड पर अनुभव छाबड़ा और विकास गिरधर की ओर से निर्माण कराया जा रहा था। प्राधिकरण की जांच में स्वीकृत मानचित्र से अलग निर्माण किए जाने की बात सामने आई। इसे नियमों का उल्लंघन मानते हुए संबंधित पक्षों के खिलाफ उत्तर प्रदेश नगर योजना एवं विकास अधिनियम 1973 और उत्तराखंड संशोधन अधिनियम, 2009 के तहत वाद दायर किया गया।

इसके बाद कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए प्राधिकरण ने मौके पर पहुंचकर निर्माण को सील कर दिया।

एमडीडीए अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि भवन निर्माण के दौरान प्राधिकरण से स्वीकृत नक्शे का पालन करना जरूरी है। नक्शे से अलग निर्माण करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। प्राधिकरण शहर में हो रहे निर्माण कार्यों पर नजर रख रहा है।

एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि देहरादून में सुनियोजित विकास प्राधिकरण की प्राथमिकता है। भवन निर्माण के तय नियमों और स्वीकृत मानचित्र का पालन सभी के लिए अनिवार्य है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।

वहीं एमडीडीए सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि स्वीकृत मानचित्र से अलग निर्माण करना नियमों का उल्लंघन है। ऐसे मामलों में कानूनी प्रक्रिया के तहत कार्रवाई की जाती है। उन्होंने निर्माणकर्ताओं से अपील की कि वे प्राधिकरण से स्वीकृत नक्शे के मुताबिक ही निर्माण कराएं….ताकि उन्हें कानूनी कार्रवाई का सामना न करना पड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *