September 12, 2026

उत्तराखंड: अमित शाह के सामने धन सिंह रावत ने रखा उत्तराखंड की सहकारिता का पूरा रिपोर्ट कार्ड

0
IMG-20260912-WA0057

Cooperation | Amit Shah | Dhan Singh Rawat | Uttarakhand : उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने शनिवार को नई दिल्ली में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच उत्तराखंड में सहकारिता क्षेत्र से जुड़े कई मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।

मुलाकात के दौरान डॉ. धन सिंह रावत ने केंद्रीय मंत्री अमित शाह को उत्तराखंड में सहकारिता के क्षेत्र में चल रही योजनाओं और सरकार के प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सहकारिता के माध्यम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के साथ किसानों, महिलाओं और ग्रामीण युवाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने पर काम किया जा रहा है।

डॉ. रावत ने हाल ही में हुए जिला सहकारी बैंकों के चुनावों का भी जिक्र किया। उन्होंने चुनावों में भाजपा प्रत्याशियों की सफलता और सहकारिता संस्थाओं में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए लागू 33 प्रतिशत आरक्षण की जानकारी केंद्रीय मंत्री को दी।

इस दौरान उत्तराखंड में चल रही प्रमुख योजनाओं की प्रगति पर भी चर्चा हुई। इनमें दीनदयाल उपाध्याय सहकारिता किसान कल्याण योजना, मुख्यमंत्री घस्यारी कल्याण योजना और मिलेट्स मिशन शामिल हैं।

डॉ. रावत ने कहा कि इन योजनाओं के जरिए किसानों की आय बढ़ाने, पशुधन आधारित ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने, ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार और आजीविका के अवसर बढ़ाने, मिलेट उत्पादन को बढ़ावा देने और पोषण सुरक्षा को मजबूत करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और चंपावत जिलों में जिला सहकारी बैंकों के संचालन से जुड़े विषय भी अमित शाह के सामने रखे। साथ ही उत्तराखंड में सहकारिता क्षेत्र को और मजबूत बनाने को लेकर भी चर्चा हुई।

प्रेस नोट के अनुसार मुलाकात के दौरान अमित शाह ने उत्तराखंड में सहकारिता के विस्तार और किए जा रहे नवाचारों के लिए डॉ. धन सिंह रावत के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने सहकारिता चुनावों में भाजपा को मिली सफलता के लिए भी डॉ. रावत के नेतृत्व की प्रशंसा की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *