उत्तराखंड: घर की जिम्मेदारियों के बीच लक्ष्मी ने शुरू किया काम, अब हर महीने हो रही अच्छी कमाई
Pithoragarh | Skill Training | Laxmi Joshi: स्वरोजगार और कौशल विकास के जरिए महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की कोशिशों के बीच पिथौरागढ़ की लक्ष्मी जोशी की कहानी सामने आई है। मूनाकोट विकासखंड के ग्राम डुंगरी, पोस्ट मढ़खड़ायत निवासी लक्ष्मी ने निशुल्क कौशल प्रशिक्षण लेने के बाद अपना ब्यूटी पार्लर शुरू किया। आज वह इससे हर महीने करीब 25 से 30 हजार रुपये तक की आय अर्जित कर रही हैं।
लक्ष्मी जोशी वर्तमान में जाजरदेवल में अपने परिवार के साथ रहती हैं। उनके परिवार में पति, दो बच्चे और सास-ससुर हैं। परिवार की आजीविका पहले मुख्य रूप से खेती पर निर्भर थी। आमदनी सीमित होने के कारण परिवार को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ता था।
इसी दौरान लक्ष्मी को आरसेटी पिथौरागढ़ की ओर से संचालित 35 दिवसीय निशुल्क ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण की जानकारी मिली। उन्होंने प्रशिक्षण में हिस्सा लिया और ब्यूटी पार्लर से जुड़े जरूरी कौशल सीखे।
प्रशिक्षण पूरा करने के बाद लक्ष्मी ने जाजरदेवल में अपना ब्यूटी पार्लर शुरू किया। धीरे-धीरे उनका काम आगे बढ़ा और अब वह अपने व्यवसाय से हर महीने 25 से 30 हजार रुपये तक की कमाई कर रही हैं।
लक्ष्मी की यह पहल बताती है कि सही प्रशिक्षण और अवसर मिलने पर महिलाएं अपने हुनर को स्वरोजगार में बदलकर परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने में अहम भूमिका निभा सकती हैं।