August 10, 2026

उत्तराखंड में भारी बारिश का खतरा! सीएम धामी ने सभी एजेंसियों को किया हाई अलर्ट

UttarakhandWeather | HeavyRain | Pushkar Singh Dhami : उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश और मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सभी संबंधित विभागों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने राज्य की आपदा प्रबंधन व्यवस्था की समीक्षा करते हुए अधिकारियों से हर स्थिति के लिए पूरी तैयारी रखने को कहा।

मुख्यमंत्री ने आपदा प्रबंधन विभाग से प्रदेश के विभिन्न जिलों की स्थिति की जानकारी ली और निर्देश दिए कि राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF), राष्ट्रीय आपदा प्रतिवादन बल (NDRF), जिला प्रशासन, पुलिस, स्वास्थ्य, अग्निशमन और अन्य सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करें। किसी भी आपात स्थिति में राहत और बचाव कार्य तुरंत शुरू किए जाएं।

उन्होंने कहा कि संवेदनशील क्षेत्रों पर लगातार नजर रखी जाए, नदी-नालों के जलस्तर की निगरानी की जाए और जरूरत पड़ने पर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जाए। सभी जिलाधिकारियों को जिला आपातकालीन संचालन केंद्र 24 घंटे सक्रिय रखने और हर घटना पर तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

आपदा प्रबंधन विभाग के अनुसार मौसम विभाग ने देहरादून, चमोली और बागेश्वर के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है…जबकि राज्य के अन्य जिलों में येलो अलर्ट लागू है। कई स्थानों पर भारी बारिश, आकाशीय बिजली और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।

प्रशासन ने लोगों और पर्यटकों से अपील की है कि मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करें…अनावश्यक यात्रा से बचें और यात्रा से पहले मौसम और सड़क मार्ग की जानकारी जरूर लें। साथ ही अफवाहों से दूर रहकर केवल प्रशासन और सरकारी माध्यमों से जारी सूचनाओं पर ही भरोसा करें।