August 11, 2026

उत्तराखंड में बारिश का दौर जारी रहेगा, कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी

Uttarakhand: Weather: Rain: Alert: उत्तराखंड में मौसम ने अचानक करवट ले ली है और पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते प्रदेशभर में अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक मौसम के तेवर तल्ख बने रहेंगे। खासकर पर्वतीय जिलों उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में गरज-चमक के साथ तेज बारिश, ओलावृष्टि और आकाशीय बिजली को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

साथ ही 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से अंधड़ चलने की भी आशंका जताई गई है। विभाग ने लोगों को सतर्क रहने, अनावश्यक यात्रा से बचने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के साथ ऊपरी हवा के चक्रवाती परिसंचरण के कारण प्रदेश में बादलों का डेरा बना रहेगा और कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश के दौर जारी रह सकते हैं। इसके अलावा पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में एक नया सिस्टम भी जल्द असर दिखा सकता है, जिससे मौसम का यह अस्थिर दौर आगे भी बना रहने की संभावना है।